logo

6 साल तक शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोप, लाखों के जेवर-नकदी हड़पने की शिकायत

मपाक3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
युवती ने धनबाद के दुहाटांड कुम्हारपट्टी में अपने प्रेमी और उसके परिवार पर छह वर्षों तक शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने, लाखों रुपये के जेवर और नकदी हड़पने तथा बाद में साथ छोड़ने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का दावा है कि समाज के लोगों की मौजूदगी में मंदिर में शादी होने के बावजूद आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गया। न्याय नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए उसने उपायुक्त (डीसी) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। बुधवार को गांधी सेवा सदन में मीडिया से बातचीत के दौरान पीड़िता खुशी कुमारी ने बताया कि झरिया के वेस्ट कोईरीबांध निवासी विकास साव के साथ उसका पिछले छह वर्षों से प्रेम संबंध था। इस दौरान आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाया और पिता की बीमारी, वाहन मरम्मत समेत विभिन्न बहाने बनाकर अपने परिवार के साथ मिलकर करीब 15 से 20 लाख रुपये के जेवर और नकदी ले ली।


कोर्ट मैरिज नहीं हुई, मंदिर में शादी का दावा
पीड़िता के अनुसार, 25 मई को दोनों की कोर्ट मैरिज तय थी और वे कोर्ट भी पहुंचे थे, लेकिन विकास साव दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए बिना वहां से चला गया। इसके बाद 16 जून की रात वह युवती के घर पहुंचा और अगले दिन मोहल्ले के लोगों की मौजूदगी में गणेश मंदिर में शादी की गई। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने उसकी मांग में सिंदूर भरा, मंगलसूत्र पहनाया और कुछ दिनों बाद अपने घर ले जाने का वादा किया, लेकिन फिर वापस नहीं आया।


धमकी देने और न्याय नहीं मिलने का आरोप
युवती का आरोप है कि शिकायत लेकर जब वह धनसार थाना पहुंची तो कार्रवाई करने के बजाय उसे ही फटकार लगाई गई। वहीं, आरोपी अब मामला वापस लेने के लिए लगातार जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़िता ने डीसी और एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो वह आत्मदाह जैसा कठोर कदम उठाने को मजबूर होगी।

Tags - Dhanbad Jharkhand Crime Marriage Exploitation