logo

तप रहा धनबाद, 47 डिग्री ने तोड़ा 5 साल का रिकॉर्ड, दोपहर में सुनसान हुई सड़कें

f4.jpg

द फॉलोअप डेस्क

इन दिनों धनबाद तप रहा है। आसमान से बरसती आग और लगातार बढ़ता तापमान आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी का सबब बनता जा रहा है। भीषण लू और तेज धूप के बीच शहर का अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है, जिसने पिछले पांच वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मौसम विभाग के अनुसार इससे पहले वर्ष 2022 में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं न्यूनतम तापमान भी 30 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे रात में भी लोगों को राहत नहीं मिल सकी।

गर्म हवा और लू से लोगों का जीना मुहाल
धनबाद में सुबह से ही आसमान से आग बरसती रही और दोपहर होते-होते शहर की सड़कें सूनी नजर आने लगीं। भीषण गर्मी का असर जनजीवन पर साफ दिखाई दिया। आम दिनों में भीड़भाड़ वाले बैंक मोड़, सरायढेला, हीरापुर समेत कई प्रमुख बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। गर्म हवाओं और लू के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर दिया।

दोपहर के समय सड़क पर निकलने वाले लोग सिर और चेहरे को कपड़ों से ढंककर चलते दिखे। ठंडे पेय पदार्थों, जूस और पानी की दुकानों पर जरूर भीड़ नजर आई, लेकिन बाकी बाजारों में आवाजाही काफी कम रही। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी गर्मी और लू से राहत नहीं मिलने की संभावना जताई है। ऐसे में लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है।

Tags - Dhanbad HeatwaveDhanbad Temperature Record47 Degree in DhanbadJharkhand Weather NewsDhanbad Hot WeatherHeatwave in JharkhandDhanbad Breaking NewsWeather Update DhanbadExtreme Heat in Bihar JharkhandDhanbad Summer News