logo

धनबाद में दिनदहाड़े फायरिंग से दहशत, शानू खान समेत 3 घायल

धनबाद में दिनदहाड़े फायरिंग से दहशत, शानू खान समेत 3 घायल

द फॉलोअप डेस्क, धनबादः
धनबाद के वासेपुर में सोमवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल गई। भूली मोड़ टेंपो स्टैंड के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में फहीम खान के भाई शानू खान समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों में एक महिला भी शामिल है। घटना सोमवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, शानू खान भूली मोड़ के पास कुछ लोगों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान लाल रंग की बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और फायरिंग करने लगे। गोली चलाने के बाद दोनों हमलावर हरि मोड़ की तरफ फरार हो गए।

शानू खान की बांह में लगी गोली

फायरिंग में शानू खान की बांह में एक गोली लगी है, जबकि भूली मोड़ स्थित चतरा स्टोर के संचालक सद्दाम को दो गोलियां लगी हैं। एक महिला भी गोली लगने से घायल हुई है। तीनों घायलों को तत्काल नामधारी अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें धनबाद पीएमसीएच रेफर कर दिया। फिलहाल तीनों का इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले भी अलीनगर के पास शानू खान पर गोली चली थी, लेकिन उस समय वह बाल-बाल बच गए थे। अब एक बार फिर उन्हें निशाना बनाया गया है। बताया जाता है कि शानू खान को पूर्व में प्रिंस खान की ओर से कई बार जान से मारने की धमकी मिल चुकी है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान के साथ उनके भागने के रास्ते का भी पता लगाया जा सके। घटना के बाद पुलिस ने प्रिंस खान के गिरोह से जुड़ी गतिविधियों को लेकर भी जांच तेज कर दी है।

Tags - Dhanbad firing Wasipur crime Shanu Khan Prince Khan gang Bhoolee Mor