धनबाद:
बलियापुर थाना क्षेत्र की ढांगी पहाड़ी की तराई में कल्याण गांव के समीप शुक्रवार सुबह किशोरी पूनम कुमारी का सिरकटा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतका की जिंदगी से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आए हैं। पूनम गिरिडीह के बहादुरपुर निवासी संदीप रवानी की बेटी थी। परिजनों के अनुसार, उसे पढ़ाई के लिए टुंडी के मनियाडीह में रिश्तेदारों के घर भेजा गया था। 
प्रेम संबंध के बाद परिजनों की मर्जी के खिलाफ की थी शादी
मनियाडीह में रहने के दौरान पूनम की मुलाकात कृष रवानी से हुई। दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गया। इसके बाद पूनम ने परिजनों की मर्जी के खिलाफ कृष के साथ भागकर शादी कर ली। शादी के बाद दोनों बलियापुर थाना क्षेत्र के करमाटांड़ में किराए के मकान में रह रहे थे। परिजनों का दावा है कि पूनम करीब तीन माह की गर्भवती थी।
.jpeg)
दो दिनों से लापता थी पूनम
परिजनों के मुताबिक, पूनम बुधवार से लापता थी। काफी खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो गुरुवार को बलियापुर पुलिस को इसकी सूचना दी गई। इसके अगले ही दिन शुक्रवार सुबह कल्याण गांव के समीप जंगल में स्थानीय लोगों ने झाड़ियों के बीच खून से लथपथ एक धड़ देखा। सूचना मिलते ही इलाके में भीड़ जुट गई।
.jpeg)
धड़ से करीब 100 मीटर दूर मिला सिर
घटना की सूचना पर बलियापुर पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू की। तलाशी के दौरान धड़ से करीब 100 मीटर दूर एक पेड़ के नीचे बोरे में पूनम का सिर बरामद किया गया। इसके अलावा धड़ और सिर से कुछ दूरी पर लाल कपड़ा, पूजा-पाठ की सामग्री समेत अन्य सामान भी मिला। पूजा-पाठ से जुड़ी सामग्री मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर इसे स्त्री बलि से जोड़कर चर्चा शुरू हो गई। हालांकि पुलिस ने इस तरह की किसी संभावना की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद जांच को भटकाने के लिए घटनास्थल पर इस तरह की सामग्री रखे जाने की आशंका से भी जांच की जा रही है।
.jpeg)
रांची से फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड बुलाया गया
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रांची से फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया। टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने, फिंगरप्रिंट्स और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। डॉग स्क्वायड जांच के दौरान करमाटांड़ स्थित एक घर तक भी पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने मौके से एक युवक को हिरासत में लिया। मामले में कुल तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की बात सामने आई है। मृतका के पति कृष रवानी पर भी हत्या में संलिप्तता का संदेह जताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने कृष को हिरासत में लिए जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पिता ने पति समेत अन्य के खिलाफ दी शिकायत
मृतका के पिता संदीप रवानी ने कृष रवानी समेत अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस को लिखित शिकायत दी है। पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच भेज दिया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर हत्या के तरीके और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
पति बोला- पत्नी को खोजने पारसनाथ आया हूं
घटना के बाद पुलिस ने पूनम के पति कृष रवानी की तलाश शुरू की, लेकिन वह मौके पर नहीं मिला। पूनम के एक रिश्तेदार के पहुंचने के बाद पुलिस ने उससे कृष का मोबाइल नंबर लिया। फोन पर संपर्क होने पर कृष ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी को खोजने पारसनाथ आया हुआ है। इसके बाद पुलिस ने उसके मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि पूनम आखिरी बार किसके साथ थी और उसकी हत्या कब तथा कहां की गई।
स्त्री बलि का एंगल या जांच भटकाने की साजिश?
घटनास्थल से पूजा-पाठ की सामग्री और लाल कपड़ा मिलने के कारण स्त्री बलि की चर्चा तेज है, लेकिन पुलिस इस एंगल को लेकर अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद जांच को भटकाने के लिए घटनास्थल को इस तरह तैयार किया गया हो सकता है। सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश कुमार महतो ने बताया कि शव और घटनास्थल से बरामद सामग्रियों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।