logo

धनबाद में अपराधी से पुलिस की मुठभेड़, भागने के दौरान बदमाश के पैर में लगी गोली

धनबाद में अपराधी से पुलिस की मुठभेड़, भागने के दौरान बदमाश के पैर में लगी गोली

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः

धनबाद में हत्या के एक मामले की जांच के दौरान पुलिस और आरोपी शंकर डे उर्फ पिंकू डे के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी है। पुलिस के अनुसार, शंकर डे राम प्रताप प्रसाद की हत्या के मामले में संदिग्ध था। उसे मैथन से पकड़ा गया था। पूछताछ के दौरान हत्या में संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस उसे हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद करने के लिए टुंडी के मनियाडीह इलाके में ले गई थी। इसी दौरान आरोपी ने एक सब-इंस्पेक्टर की पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश की और फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अगस्त में दर्ज हुई थी गुमशुदगी की शिकायत

ग्रामीण एसपी मोहम्मद याकूब ने बताया कि अगस्त महीने में गोंदूडीह ओपी क्षेत्र में राम प्रताप प्रसाद के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। उनकी पत्नी ने पुलिस को बताया था कि राम प्रताप दो दिनों से गायब हैं। शिकायत के दौरान शंकर नाम के एक व्यक्ति पर संदेह जताया गया था। इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध की तलाश शुरू कर दी। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि शंकर मैथन के आसपास घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए शंकर डे उर्फ पिंकू डे को हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान शंकर डे ने राम प्रताप प्रसाद की हत्या करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस उसे हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी के लिए मनियाडीह ले गई। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान आरोपी ने सब-इंस्पेक्टर की पिस्टल छीन ली और भागने की कोशिश करते हुए गोली चला दी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

लूट की रकम के विवाद में हत्या की आशंका

ग्रामीण एसपी मोहम्मद याकूब के अनुसार, जून महीने में गोंदूडीह ओपी क्षेत्र में हुई लूट की एक घटना में राम प्रताप प्रसाद और शंकर डे दोनों की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस का दावा है कि लूट की रकम के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के कारण शंकर ने कथित तौर पर राम प्रताप को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस इस घटना के पीछे की परिस्थितियों और आपसी विवाद के पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, इससे पहले मनियाडीह इलाके से एक अज्ञात शव बरामद हुआ था। अब पुलिस का कहना है कि वह शव राम प्रताप प्रसाद का था और उसकी हत्या शंकर डे ने की थी। पुलिस के मुताबिक, राम प्रताप और शंकर पहले भी कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे चुके थे। जून में गोंदूडीह ओपी क्षेत्र में कथित लूट की घटना के बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ा और इसी विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है।

आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच

फिलहाल घायल शंकर डे का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस का कहना है कि उसकी हालत में सुधार होने के बाद उससे आगे पूछताछ की जाएगी। जांच के दौरान हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के साथ-साथ आरोपी की आपराधिक पृष्ठभूमि और अन्य संभावित आपराधिक घटनाओं में उसकी संलिप्तता का भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Tags - Dhanbad News Shankar Dey Police Encounter Jharkhand Crime Murder Case