logo

धनबाद में सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस से 2 मजदूरों की मौत

ेाजूगक1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
धनबाद जिले के बाघमारा थाना क्षेत्र के सदरियाडीह गांव में गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया। एक सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत हो गई। दोनों टैंक के भीतर सेंटरिंग खोलने के लिए उतरे थे, लेकिन कुछ ही देर में जहरीली गैस के कारण बेहोश होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।


एक महीने पहले हुई थी टैंक की ढलाई
जानकारी के अनुसार, करीब 12 फीट गहरे सेप्टिक टैंक की ढलाई लगभग एक महीने पहले की गई थी। गुरुवार को टैंक के अंदर लगी सेंटरिंग हटाने के लिए राजमिस्त्री और एक मजदूर नीचे उतरे। अंदर पहले से मौजूद जहरीली गैस की चपेट में आते ही दोनों बेहोश होकर गिर पड़े। काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया गया।


अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद दोनों मजदूरों को तत्काल बाघमारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान अंधारी बस्ती निवासी दिलीप महतो (45) और सदरियाडीह निवासी राजेश महतो (25) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही बाघमारा अंचल अधिकारी गिरजानंद किस्कू और बाघमारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन और सेप्टिक टैंक जैसे बंद स्थानों में काम शुरू करने से पहले जहरीली गैस की जांच एवं आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने की जरूरत पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Tags - Dhanbad Baghmara Accident Worker Death Jharkhand