धनबाद
धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर सह कांग्रेस नेता नीरज सिंह हत्याकांड में नामजद रहे विजय सिंह उर्फ सागर उर्फ शिबू को बुधवार को निरसा में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोली लगी। उसके पैर में गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया है। मुठभेड़ के दौरान उसके दो साथी मौके से फरार हो गये। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस के अनुसार, शिबू अपने दो सहयोगियों के साथ धनबाद में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने निरसा इलाके में घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही अपराधियों की ओर से फायरिंग की गयी। जवाबी कार्रवाई में शिबू के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे पकड़ लिया गया, जबकि उसके दोनों साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
.jpeg)
नीरज सिंह हत्याकांड में रहा था नाम
विजय सिंह उर्फ सागर उर्फ शिबू मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले का रहने वाला बताया गया है। वर्ष 2017 में पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड की जांच के दौरान उसका नाम सामने आया था। उसे प्रतापगढ़ से गिरफ्तार करने के बाद धनबाद पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आयी थी। कोर्ट में पेशी के बाद 8 जुलाई 2017 को उसे धनबाद जेल भेजा गया था। हालांकि बाद में नीरज सिंह हत्याकांड में उसे अदालत से बरी कर दिया गया था।
निखार सबलोक हत्याकांड में भी जुड़ा नाम
शिबू का नाम जमशेदपुर के चर्चित कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड में भी सामने आया है। 24 अगस्त को जमशेदपुर में हुई निखार की हत्या के मामले में पुलिस ने शिबू को शूटरों से जोड़ते हुए जांच की है। अब धनबाद में हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क और दोनों मामलों के बीच संभावित कड़ियों की भी पड़ताल कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल से मिले सामान और हथियार समेत अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फरार दोनों सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें