logo

पहल : धनबाद नगर निगम मना रहा पर्यावरण उत्सव, प्रदूषण उन्मूलन के उपायों पर मंथन जारी

a5115.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

धनबाद नगर निगम विगत 5 जून से शहर में पर्यावरण उत्सव मना रहा है। इस कार्यक्रम के तहत छात्रों, आम नागरिकों और शहर के विभिन्न समुदायों के बीच पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण उन्मूलन के उपायों को लेकर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। धनबाद एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग के तहत अब तक शहर के 7 स्कूलों के 500 से ज्यादा छात्रों के बीच जागरूकता कार्यक्रम संचालित किया गया है। छात्रों का बताया जा रहा है कि एयर क्वालिटी की मॉनिटरिंग कैसे की जाती है? वायु प्रदूषण के विभिन्न स्त्रोत क्या हैं। रोज वायु प्रदूषण का आंकड़ा (AQI) कैसे मॉनिटर किया जा सकता है? बच्चों को यह भी बताया जा रहा है कि वे कैसे सार्वजनिक परिवहन के साधनों का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल कर सकते हैं। कैसे प्लास्टिक फ्री दिनचर्या अपना सकते हैं। 

बच्चों को जागरूकता कार्यक्रम से जोड़ा गया
धनबाद नगर निगम पर्यावरण उत्सव कार्यक्रम के तहत स्कूली बच्चों को फील्ड विजिट करा रहा है। उनको सतत परिवेशीय वायु गुणवत्ता निगरानी स्टेशन (CAAQMS) ले जाया गया। बच्चे यहां प्रायोगिक तौर पर यह देखते हैं कि प्रदूषण से संबंधित डाटा कैसे जमा किया जाता है और उसका महत्व क्या है। नगर निगम के गेट पर लगे एलईडी डिस्प्ले को भी उन्हें दिखाया जा रहा है, जहां प्रतिदिन प्रदूषण का स्तर बताया जाता है। 

वायु प्रदूषण को लेकर जनता से संवाद
नगर निगम आम नागरिकों के बीच लगातार संवाद स्थापित कर रहा है। इसके तहत अब तक कुल सात समूहों के साथ लगभग 600 से अधिक लोगों के साथ संवाद स्थापित किया गया है। यहां आम लोगों को बताया जा रहा है कि वायू प्रदूषण से कौन-कौन सी बीमारियां होने की संभावना बनी रहती है। इससे बचने के उपाय और खासकर अपने जीवन में छोटे छोटे बदलाव लाकर कैसे स्वच्छ हवा में अपना योगदान दे सकते है। मसलन, अधिक से अधिक पेड़ लगाना, बंद कमरे में चूल्हा का इस्तेमाल न करना जैसे महत्वपूर्ण उपायों के बारे में उन्हें जागरुक किया जा रहा है। 
 

Tags - Dhanbad Nagar NigamAir PollutionAQIEnvironment