logo

धनबाद में फिर धंसी जमीन, छाताबाद में 6 मकान ढहे; 55 घरों में दरार से 500 लोग प्रभावित

धनबाद में फिर धंसी जमीन, छाताबाद में 6 मकान ढहे; 55 घरों में दरार से 500 लोग प्रभावित

धनबाद: 
धनबाद के कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद में बुधवार शाम एक बार फिर जमीन धंसने की घटना हुई है। इस हादसे में करीब आधा दर्जन घर जमींदोज हो गए, जबकि 55 घर प्रभावित बताए जा रहे हैं। जमीन धंसने और मकानों में दरारें आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। करीब 500 लोगों के प्रभावित होने की बात सामने आई है। कई परिवार अपना सामान निकालकर सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।

तीसरी बार धंसी जमीन, कई घर हुए जमींदोज
छाताबाद में जमीन धंसने की यह तीसरी बड़ी घटना बताई जा रही है। इससे पहले 7 जुलाई और 7 अगस्त को भी इसी इलाके में जमीन धंस चुकी है। बुधवार को हुई ताजा घटना में करीब छह घर पूरी तरह जमींदोज हो गए, जबकि 55 मकानों पर इसका असर पड़ा है। घटना के बाद आसपास की सड़कों पर दरारें दिखाई दे रही हैं और जमीन धंसने के निशान भी मौजूद हैं। मकानों में दरारें आने के कारण लोग अपने घरों से सामान निकालकर सुरक्षित जगहों पर जा रहे हैं।

सामुदायिक भवन भी जमीन धंसने से टूटा
पिछली घटनाओं के बाद प्रभावित परिवारों को अस्थायी रूप से जिस सामुदायिक भवन में ठहराया गया था, वह भवन भी जमीन धंसने के कारण टूट गया है। इससे विस्थापित परिवारों की परेशानियां और बढ़ गई हैं। कई परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार जमीन धंसने की घटनाओं के कारण अब उन्हें अपने घरों में रहने में डर लगने लगा है।

BCCL पर वादे पूरे नहीं करने का आरोप
प्रभावित परिवारों ने BCCL प्रबंधन पर समझौते के दौरान किए गए वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया है। लोगों की मांग है कि प्रभावित परिवारों का उचित पुनर्वास कराया जाए और जमीन धंसने वाले क्षेत्रों में भराई का काम किया जाए। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछली घटनाओं के बाद भी समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। स्थानीय पार्षद मो. शहाबुद्दीन ने बताया कि जमीन धंसने की घटना से करीब 500 लोग प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि लंबे आंदोलन के बाद BCCL प्रबंधन ने पुनर्वास, जमीन के सर्वे और प्रभावित क्षेत्रों में भराई कराने का भरोसा दिया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

सीओ ने सुरक्षित स्थान पर भेजने का दिया भरोसा
घटना की जानकारी मिलने के बाद बाघमारा के सीओ गिरजानंद किस्कु मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने की बात कही। सीओ के अनुसार, फिलहाल प्रभावित लोगों को सुरक्षित जगहों पर ले जाया जाएगा। इसके बाद BCCL प्रबंधन के साथ बैठक कर समस्या के समाधान और आगे की कार्रवाई पर चर्चा की जाएगी।

Tags - Dhanbad News Katras Land Subsidence BCCL Chhatabad Jharkhand News