द फॉलोअप डेस्क
धनबाद की भूदा बस्ती निवासी दिहाड़ी मजदूर की बेटी पूनम कुमारी ने यह साबित कर दिया कि मजबूत इरादों के आगे आर्थिक तंगी भी हार मान लेती है। पूनम ने NEET 2026 में 582 अंक हासिल कर मेडिकल प्रवेश परीक्षा में शानदार सफलता प्राप्त की है। पूनम के पिता धरमू गोराई दिहाड़ी मजदूर हैं, जबकि उनकी मां पीपू देवी गृहिणी हैं। सीमित आर्थिक संसाधनों के बावजूद पूनम ने लगातार मेहनत और लगन के दम पर यह उपलब्धि हासिल की। इससे पहले वह 12वीं बोर्ड परीक्षा में 97.4 प्रतिशत अंक लाकर धनबाद की जिला टॉपर भी रह चुकी हैं।

पढ़ाई का पूरा खर्च उठाएगा जिला प्रशासन
धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन ने पूनम को सम्मानित किया और उनकी सफलता की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए पूनम के मेडिकल कॉलेज में दाखिले से लेकर डॉक्टर बनने तक की पूरी पढ़ाई का खर्च जिला प्रशासन वहन करेगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी पूनम कुमारी को बधाई देते हुए कहा, "पूनम बिटिया को बहुत-बहुत बधाई। CM School of Excellence एवं अन्य सरकारी स्कूलों के छात्र-छात्राएं लगातार आगे बढ़ रहे हैं और अपने सपनों को साकार कर रहे हैं।" उन्होंने पूनम की उपलब्धि को झारखंड के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया।
बहुत बहुत बधाई पूनम बिटिया...
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) July 22, 2026
CM School of Excellence एवं अन्य सरकारी स्कूलों के छात्र-छात्राएं आगे बढ़ रहे हैं, अपने सपने संजो रहे हैं। https://t.co/w5gQXQ2ZMc