धनबाद:
केंदुआडीह थाना क्षेत्र के अग्नि प्रभावित कुर्मी डीह पांडे बस्ती के पास गुरुवार देर शाम अचानक जमीन धंसने से इलाके में हड़कंप मच गया। जमीन धंसने के बाद मौके पर दो बड़े गोफ बन गए। गोफ से गैस निकलने की सूचना मिलने के बाद आसपास रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही BCCL प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा को देखते हुए दोनों गोफ के आसपास फेंसिंग कर घेराबंदी कर दी गई, ताकि लोग दुर्घटनास्थल के करीब न पहुंच सकें। शुक्रवार को अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों गोफ की भराई का काम शुरू कराया गया।

मुख्य मार्ग के पास खाली जमीन में हुआ भू-धंसान
धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग से कुछ दूरी पर स्थित खाली जमीन में अचानक भू-धंसान होने के बाद इलाके में काफी देर तक हलचल बनी रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जमीन धंसने का दायरा आगे बढ़ता है, तो आसपास रहने वाले परिवारों के लिए गंभीर खतरा पैदा हो सकता है। लोगों ने अग्नि प्रभावित क्षेत्र में रहने वाले परिवारों को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थान पर पुनर्वासित करने की मांग की है। स्थानीय JMM नेता महादेव हासदा ने घटना को गंभीर बताते हुए BCCL प्रबंधन से प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर बसाने की मांग की। उन्होंने कहा कि बस्ती के नजदीक इस तरह अचानक गोफ का बनना चिंता का विषय है। ऐसे इलाकों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुनर्वास की प्रक्रिया में तेजी लाने की जरूरत है।
.jpeg)
BCCL बोला- पुनर्वास के लिए सर्वे पूरा
BCCL के ओवरमैन लव प्रताप सिंह ने बताया कि कुर्मी डीह समेत आसपास के अग्नि प्रभावित क्षेत्र में रहने वाले लोगों के पुनर्वास के लिए सर्वे का काम पूरा किया जा चुका है। सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास की प्रक्रिया चल रही है। फिलहाल खाली जमीन पर बने गोफ की भराई कराई जा रही है। उन्होंने स्थानीय लोगों से धंसान प्रभावित क्षेत्र से दूर रहने की अपील की है। अग्नि प्रभावित क्षेत्रों में लगातार हो रही भू-धंसान की घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बस्ती के आसपास जमीन धंसने की घटनाओं के कारण लोगों को जान-माल की सुरक्षा को लेकर डर बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और BCCL प्रबंधन से प्रभावित परिवारों के सुरक्षित और जल्द पुनर्वास की मांग की है।