द फॉलोअप डेस्क
धनबाद जिले के गोंदूडीह ओपी क्षेत्र के खेरकाबाद में रविवार को एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई। आटा मिल में कार्यरत 45 वर्षीय उमेश यादव की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब वह ग्राहकों से रुपये का कलेक्शन कर बाइक से वापस लौट रहे थे। बताया जाता है कि झरिया थाना क्षेत्र के बस्ताकोला निवासी उमेश यादव गोधर स्थित एक आटा मिल में कई वर्षों से कार्यरत थे और कलेक्शन का जिम्मा संभालते थे। रविवार को भी वह रोज की तरह वसूली कर लौट रहे थे, तभी 7 नंबर हिलटॉप आउटसोर्सिंग के समीप पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद वह सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
.jpg)
घटना के बाद इलाके में मचा हड़कंप
गोलीबारी की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े और देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर गोंदूडीह ओपी, भूली ओपी और केंदुआडीह थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से विभिन्न साक्ष्य जुटाए और प्रत्यक्षदर्शियों समेत आसपास के लोगों से पूछताछ की। घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे, जहां परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक के परिजनों ने हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या लूटपाट की संभावना जताई है। उमेश यादव के भाई राजेश यादव ने कहा कि आखिर हत्या किस कारण से की गई, इसका स्पष्ट खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। वहीं आटा मिल के मालिक रतन अग्रवाल ने बताया कि उमेश यादव लंबे समय से उनके प्रतिष्ठान में कार्यरत थे और बेहद भरोसेमंद कर्मचारी माने जाते थे। उन्होंने यह भी पुष्टि की कि रविवार सुबह वह नियमित रूप से कलेक्शन के लिए निकले थे और ड्यूटी के दौरान ही इस घटना का शिकार हो गए।

लूट, रंजिश और अन्य पहलुओं पर पुलिस की नजर
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याकूब ने बताया कि पुलिस लूट, आपसी रंजिश और अन्य सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा तथा आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।