द फॉलोअप डेस्क
धनबाद जिले के धनसार थाना क्षेत्र स्थित गुरु नानक कॉलेज के समीप भूदा मुख्य मार्ग पर पुलिस ने नकली नमक बनाने और उसकी पैकिंग करने वाले एक बड़े कारोबार का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना और संबंधित कंपनियों की शिकायत के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने शुभम अग्रवाल की दुकान और गोदाम से भारी मात्रा में नकली नमक, पैकिंग सामग्री और विभिन्न कंपनियों के रैपर बरामद किए हैं।

टाटा और पतंजलि के नाम पर बेचा जा रहा था साधारण नमक
छापेमारी के दौरान पुलिस को टाटा नमक और पतंजलि नमक के नाम से तैयार किए गए पैकेट मिले। आरोप है कि साधारण नमक को इन नामी ब्रांडों के रैपर में पैक कर बाजार में असली उत्पाद बताकर बेचा जा रहा था। मौके से बड़ी संख्या में पैक किए गए नमक के पैकेट, खाली रैपर और पैकिंग मशीनें भी जब्त की गई हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शुभम अग्रवाल और उसके पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
.jpeg)
पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नकली नमक की आपूर्ति धनबाद समेत आसपास के कई बाजारों में की जा रही थी। पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि इस कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा नकली उत्पाद किन-किन इलाकों में भेजे जा रहे थे।