द फॉलोअफ डेस्क
धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र के कार्मिक नगर स्थित मोती नगर में शुक्रवार सुबह प्रसिद्ध कोयला कारोबारी दीपक शर्मा संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है और गोली कारोबारी के घर के अंदर ही लगी। परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अशर्फी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें आईसीयू में भर्ती किया। चिकित्सकों के अनुसार, गोली गले के निचले हिस्से में जाकर फंस गई है और अधिक खून बहने के कारण उनकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।

पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही सरायढेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी मंजीत कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती जांच में गोली गलती से चलने या खुद से गोली चलने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह क्या है, इसका खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

बयान की स्थिति में नहीं कारोबारी
पुलिस के मुताबिक, अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर हालत के कारण दीपक शर्मा फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। वहीं, घटना से सदमे में आए परिजनों से भी अभी औपचारिक पूछताछ नहीं हो सकी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।