logo

नौकरी के लिए बेटे ने रची पिता की हत्या की साजिश, 10 लाख की सुपारी देकर जान मरवाया

कोतो41.jpg

द फॉलोअप डेस्क

धनबाद के बरोरा थाना क्षेत्र में हुए तुलेश्वर नोनियां हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि मृतक के मंझले बेटे विजय नोनियां ने ही भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) में अनुकंपा के आधार पर नौकरी पाने के लिए अपने पिता की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस के अनुसार, विजय ने इस वारदात को अंजाम देने के लिए अखिलेश मल्लाह और अमित कुमार सिंह को 10 लाख रुपये की सुपारी दी थी। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि तुलेश्वर नोनियां की ड्यूटी से लौटने के दौरान हत्या की गई, ताकि उनकी मौत के बाद बेटे को बीसीसीएल में नौकरी मिल सके।

एसआईटी जांच में हुआ सनसनीखेज खुलासा

ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने बताया कि 20 जून की सुबह करीब 4:45 बजे चौकीदार के माध्यम से सूचना मिली थी कि चिटाही से बरोरा जाने वाली पीसीसी सड़क के किनारे झाड़ियों में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही बरोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान तुलेश्वर नोनियां के रूप में हुई। जांच में पता चला कि पत्थर से कुचलकर उनकी हत्या की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने कबूला जुर्म

एसआईटी ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि हत्या की पूरी साजिश बीसीसीएल में अनुकंपा पर नौकरी हासिल करने के उद्देश्य से रची गई थी।

हत्या में इस्तेमाल सामान भी बरामद

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया खून लगा पत्थर, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, खून से सने कपड़े, गमछा और मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।

 

Tags - Dhanbad Jharkhand Crime BCCL Murder Police