logo

धनबाद में युवक पर फायरिंग, बरोरा चेकपोस्ट के पास चली दो गोलियां; CCTV से खंगाल रही पुलिस

Screenshot_2026-08-01_104503.jpg

धनबाद 
धनबाद जिले के बाघमारा स्थित बरोरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक युवक पर फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बरोरा चेकपोस्ट के पास कुछ बदमाशों ने एक युवक पर दो राउंड गोली चलाई। राहत की बात यह रही कि युवक इस हमले में बाल-बाल बच गया।
तीन युवकों पर लगाया फायरिंग का आरोप
पीड़ित मधु मंडल, जो बरोरा चेकपोस्ट निवासी शंकर मंडल का पुत्र है, ने बताया कि सन्नी चौहान, राज चौहान और आकाश चौहान अचानक उसके पास पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने पहले उसके साथ मारपीट की और थप्पड़ मारा। इसके बाद पिस्तौल निकालकर उस पर दो राउंड फायरिंग कर दी। घटना के बाद मधु मंडल ने बरोरा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
घटनास्थल से दो खोखे बरामद
सूचना मिलते ही बरोरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से दो खाली खोखे बरामद किए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए बाघमारा डीएसपी अजीत कुमार बिमल भी बरोरा थाना पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
CCTV फुटेज के आधार पर जांच
डीएसपी अजीत कुमार बिमल ने बताया कि युवक की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। बरोरा थाना के साथ-साथ आसपास के दो-तीन थानों की पुलिस भी जांच में जुटी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Tags - Dhanbad Baghmara Firing Incident Jharkhand Crime Police Investigation