खुशी ठाकुर/पलामू:
झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा शुक्रवार को पलामू पहुंची। उन्होंने पलामू प्रमंडल में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और नक्सल गतिविधियों की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों को लेकर उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक की। बताया जाता है कि पलामू प्रमंडल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से इस बैठक का आयोजन किया गया था। डीजीपी तदाशा मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित इस समीक्षा बैठक में डीजीपी ने जिले में घटित आपराधिक घटनाओं, लंबित मामलों के निष्पादन, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और नक्सल विरोधी अभियानों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।

कई जिलों के एसपी बैठक में हुए शामिल
डीजीपी ने पुलिस अधिकारियों से साफ कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत बनाएं। इस बैठक में पलामू रेंज के डीआईजी किशोर कौशल, आईजी नरेंद्र कुमार सिंह, आईजी अजय लिंडा, पलामू एसपी कपिल चौधरी, लातेहार एसपी कुमार गौरव और गढ़वा एसपी आशुतोष शेखर समेत कई वरीय पुलिस अधिकारी शामिल हुए।

नक्सलरोधी अभियान में तेजी लाने का निर्देश
बताया जाता है कि समीक्षा के दौरान नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे अभियानों, सुरक्षा बलों की तैनाती, खुफिया तंत्र को मजबूत करने तथा अपराध नियंत्रण के लिए अपनाई जा रही रणनीतियों पर विशेष चर्चा की गई। डीजीपी ने अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने और जनता से जुड़े मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
पलामू दौरे को सुरक्षा व्यवस्था और नक्सल विरोधी अभियानों की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक के बाद डीजीपी क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति को लेकर अधिकारियों से अलग-अलग फीडबैक भी ले रही हैं।