द फॉलोअप डेस्क, रामगढ़
छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में सोमवार को रामगढ़ के नेमरा से JPSC-JSSC भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा के दूसरे चरण की शुरुआत हुई। यात्रा शुरू करने से पहले देवेंद्र नाथ महतो ने ग्रामीणों का आशीर्वाद लिया। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ दिवंगत शिबू सोरेन का आशीर्वाद लेने के बाद उन्होंने झारखंड के सभी 24 जिलों तक यात्रा पहुंचाने का संकल्प लिया।

JPSC-JSSC भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा में 24 जिले, 24 संकल्प
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि यह यात्रा 24 जिले, 24 संकल्प और एक आवाज के संदेश के साथ आगे बढ़ेगी। अभियान के जरिए भर्ती व्यवस्था में सुधार की आवाज गांव-गांव तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही युवाओं, ग्रामीणों और शहरों को इस अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि झारखंड की भर्ती व्यवस्था से भ्रष्टाचार को खत्म करना जरूरी है। पेपर लीक और परीक्षाओं में होने वाली धांधली पर पूरी तरह रोक लगनी चाहिए। सरकार को भविष्य में आयोजित होने वाली सभी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए जिसमें किसी भी तरह की अनियमितता की गुंजाइश न रहे।

गाने-गांव तक पहुंचेगा अभियान
देवेंद्र महतो ने कहा कि छात्र अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं और कई छात्र भोजन तक का त्याग कर इस लड़ाई को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने संकल्प लेते हुए कहा कि भविष्य में किसी भी परीक्षा में धांधली नहीं होनी चाहिए। परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए, पेपर लीक की घटनाएं नहीं होनी चाहिए और पैरवी या लॉबिंग के जरिए किसी को नौकरी नहीं मिलनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि भर्ती व्यवस्था में सुधार की इस मुहिम को राज्य के हर गांव तक पहुंचाया जाएगा। युवाओं को अभियान से जोड़ने के साथ ही भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग को मजबूती से उठाया जाएगा।