द फॉलोअप, रांची
जेएलकेएम के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने उनके आधिकारिक फेसबुक अकाउंट की प्रोफाइल को एडिट कर पदनाम व अन्य डिटेल्स को गलत व मनगढ़ंत तरीके से प्रस्तुत कर दिए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने इसे सोशल मीडिया पर वायरल किये जाने पर भी आपत्ति की है। देवेंद्र नाथ महतो ने इसे पूरी तरह भ्रामक और गलत करार दिया है। भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा के दौरान मीडिया वार्ता में देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि सोशल मीडिया पर उनके अकाउंट से संबंधित वायरल की जा रही जानकारी पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा, “हम झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के सिपाही हैं। केंद्रीय अध्यक्ष टाईगर जयराम महतो से लगातार हमारी बातचीत हो रही है। उनके दिशा-निर्देश पर ही पूरे राज्य में भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा चलाई जा रही है।” साथ ही उन्होंने कहा कि झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के लगातार बढ़ते जनाधार से विरोधी घबराए हुए है। सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रम फैलाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। हालांकि सामाचार लिखे जाने तक आधिकारिक फेसबुक एकाउंट में किए गए एडिट को उन्होंने, न तो सुधारा है और ना ही इस संबंध में किसी के विरुद्ध प्राथमिकी ही दर्ज करायी है।
