रांची
नगर विकास एवं आवास विभाग मंत्री हफ़ीजुल हसन ने आज प्रोजेक्ट बिल्डिंग में समन्वय समिति की बैठक में कहा कि जनता के मुताबिक विकास की योजना तैयार करनी होगी। कहा, नगरीय क्षेत्र की जनता को किसी भी तरह की समस्या न हो इसके लिए नगर विकास विभाग की इकाइयों को सजग रहना होगा। योजनाओं को जमीन पर उतारने के लिए तीव्र गति से काम करना होगा। खुली नालियां किसी घटना की वजह न बनें इसके लिए काम करना होगा। हसन ने कहा कि रांची नगर निगम में कई मसले हैं। साफ सफाई पर फोकस करना है। बारिश में नालियां जाम न हों, ट्रैफिक स्मूथ रहे और नगर निकायों में आम लोगों की समस्याओं को सुनकर उसके निदान होने चाहिए। शहर को व्यवस्थित करने के लिए और उसमें निरंतरता कायम रखने के लिए अगर 12 घंटे भी काम करने की जरूरत हो तो पदाधिकारियों को काम करना होगा।

इन समस्याओं पर फोकस करने के लिए कहा
उन्होंने कहा कि जो स्ट्रीट लाइट या हाइमास्क लाइट खराब हैं उनकी मरम्मत कराएं। जो वाहन मरम्मत के अभाव में बेकार हो रहे हैं उनकी मरम्मत सुनिश्चित होनी चाहिए। साथ ही जो वाहन मरम्मत के लायक नहीं हैं उनका डिस्पोजल होना चाहिए। सभी को टीम भावना के साथ काम करना होगा। नगर विकास विभाग के सचिव अरवा राजकमल ने कहा कि राज्य में जितनी भी वाटर सप्लाई योजनाओं का काम हो रहा है, उन योजनाओं के ट्रायल शुरू होने के साथ ही घरेलू वाटर कनेक्शन देना शुरू करें। सभी नगर निकाय क्षेत्रों में वाटर स्कीम समय पर पूरे हों। उन्होंने कहा कि अगर किसी स्कीम का निर्माण कार्य अन्य विभाग की एनओसी नहीं मिलने के कारण बाधित होता है तो उसके लिए प्लान बी तैयार रखें।

15 अगस्त तक लाभुकों को दें आवास
विभाग के सचिव ने निर्देश दिया कि नगर निकाय में वैसे आवास जिनका निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, उनका गृह प्रवेश सुनिश्चित कराएं। अगर लाभुक द्वारा भुगतान नहीं हो पाया है तो बैंक के माध्यम से उन्हें होम लोन उपलब्ध कराया जाए। कहा कि होम लोन के लिए लोन मेले का आयोजन सुनिश्चित किया जाये। विभागीय समन्वय बैठक में जुड़को, स्वच्छ भारत मिशन, अमृत योजना, शहरी जलापूर्ति योजना, शहरी आवास योजना, नेशनल अर्बन लाइवलीहुड मिशन, आरआरडीए, लाइट हाउस प्रोजेक्ट और आबंटित फंड की यूसी के सम्बन्ध में डिश निर्देश दिए गए।

बैठक में ये लोग थे मौजूद
बैठक में मुख्य रूप से अपर सचिव नगर विकास मनोहर मरांडी, ज्ञानेंद्र कुमार, नगरीय प्रशासनिक निदेशालय के निदेशक सत्येंद्र कुमार, रांची नगर निगम प्रशासक अमीत कुमार, ज्योत्षना सिंह, संयुक्त सचिव, सहायक निदेशक सूरज कुमार, अभिलाषा कुमारी, अंशु कुमारी, स्मार्ट सिटी के महाप्रबंधक राकेश कुमार नंदकुलियार, परियोजना निदेशक (वित्त) ज़ुडको अमित चक्रवर्ती, उप परियोजना निदेशक ज़ुड़को उत्कर्ष मिश्रा सहित राज्य के सभी नगर निकायों के प्रशासक, कार्यपालक पदाधिकारी, सिटी मैनेजर सहित आवास विभाग एवं स्मार्ट सिटी के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
