logo

धनबाद स्थित लोयाबाद के वार्ड नंबर-8 और 9 में मतदान पर्ची में गड़बड़ी के बाद भी कई वोटरों ने डाला वोट

dhanbad_vote.jpg

द फॉलोअप डेस्क

धनबाद से नगर निगम चुनाव को लेकर हो रहे मतदान में पर्ची में बड़ी गड़बड़ी होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि धनबाद जिले के लोयाबाद के वार्ड नंबर-8 में पर्ची में गड़बड़ी होने के बाद भी कई लोगों ने अपना वोट डाला। बूथ संख्या 8/5 (एकड़ा प्राथमिक विद्यालय) और 8/8 (बासुदेव गांधी स्मृति उच्च विद्यालय) में वार्ड नं-8  की जगह वार्ड नं-9  की मतदान पर्ची से वोट डलवाए जाने पर मतदाताओं ने हंगामा कर दिया।

इसकी जानकारी भोला विश्वकर्मा नामक मतदाता ने दी। उन्होंने कहा कि जब वह मतदान करने पहुंचे तो बैलेट पेपर में चुनाव चिन्ह तो सही था, लेकिन प्रत्याशी का नाम गलत अंकित था। उन्होंने तुरंत आपत्ति जताई. इसके बाद कुछ देर के लिए मतदान प्रक्रिया रोकनी पड़ी। जानकारी के अनुसार, उस समय तक 37 मतदाता गलत बैलेट पेपर पर मतदान कर चुके थे। हालांकि बैलेट पेपर में क्रम संख्या 1 से 11 तक वार्ड 8 अंकित था, लेकिन 12 से 37 तक वार्ड 9 लिखा हुआ था। एकड़ा मध्य विद्यालय स्थित बूथ पर भी यही गलती पकड़ी गई। वहां भी वार्ड नं-9 की पर्ची से मतदान कराया जा रहा था। गलती सामने आने तक 14 मतदाता वोट डाल चुके थे।

इसके बाद संबंधित बैलेट पेपर से मतदान तत्काल रोक दिया गया। वहीं, निर्वाची पदाधिकारी सह बाघमारा बीडीओ लक्ष्मण यादव ने बताया कि सेक्टर मजिस्ट्रेट की ओर से सूचना दी गई है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है और मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित करने का प्रयास किया जा रहा है. हालांकि इस घटना ने मतदान व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।

Tags - Dhanbad Municipal Election 2026 Loyabad Ward 8 Voting Issue Loyabad Ward 9 Ballot Error Ekra Primary School Booth 8/5 Basudev Gandhi Smriti High School Booth 8/8 Wrong Ballot Paper Controversy Bhola Vishwakarma Complaint Baghamara BDO Laxman Yadav