रांची
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 31 जुलाई एवं 1 अगस्त 2025 को प्रस्तावित रांची दौरे के मद्देनज़र समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ राष्ट्रपति दौरे की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वागत-सत्कार एवं कार्यक्रम स्थलों की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त भजंत्री ने सभी संबंधित विभागों को उनकी जिम्मेदारियाँ स्पष्ट रूप से सौंपते हुए निर्देश दिया कि राष्ट्रपति महोदया का दौरा पूरी तरह त्रुटिरहित और गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हो। उन्होंने विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए समय पर सभी तैयारियाँ पूर्ण करने को कहा।

बैठक में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों एवं अन्य संभावित स्थलों की व्यवस्था सुनिश्चित करने, साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, अग्निशमन, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, शौचालय एवं पार्किंग आदि विषयों पर विभागवार समीक्षा की गई। रूटलाइन पर सुरक्षा के विशेष प्रबंधों को लेकर पुलिस प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने अधिकारियों से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सजगता और संवेदनशीलता के साथ करने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि तैयारियों की नियमित समीक्षा की जाएगी और कार्यों की प्रगति पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

बैठक में रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वरनाथ आलोक, सदर अनुमंडल पदाधिकारी उत्कर्ष कुमार, यातायात पुलिस अधीक्षक कैलाश करमाली, सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार, जिला नजरत उपसमाहर्ता सुदेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार, योजना पदाधिकारी सहित पेयजल, सड़क, बिजली, अग्निशमन एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
