logo

उप प्रमुख ने अवैध खनन का आरोप लगाया, सीओ की रिपोर्ट ने पुष्टि की

उप प्रमुख ने अवैध खनन का आरोप लगाया, सीओ की रिपोर्ट ने पुष्टि की


द फॉलोअप डेस्क
बोरियो के उप प्रमुख कैलाश प्रसाद ने मौजा बिंदेरी बंदरकोला में 20 एकड़ पथरीली भूमि पर सत्यनाथ साह व उनके पुत्र रोहितत कुमार साह पर अवैध खनन का आरोप लगाया है। साथ ही कहा है कि पत्थर उत्खनन के क्रम में बारुद के विस्फोट से आसपास के तीन विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी हो रही है। तरह तरह की बीमारियों की आशंका है। स्कूल भवन भी विस्फोट के कारण क्षतिग्रस्त हो रहा है। कैलाश प्रसाद ने आरोप लगाया है कि राजकीय आदिम जनजाति आवासीय विद्यालय बंदरकोला, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बोरियो और मॉडल स्कूल बोरियो के छात्र-छात्राएं काफी परेशान हैं। पठन-पाठन पर भी इसका असर पड़ रहा है।


आरोपों की अंचलाधिकारी द्वारा करायी गयी जांच में भी इसकी आंशिक पुष्टि हुई है। अंचल निरीक्षण द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन में कहा गया है कि बंदरकोला के दाग नंबर 719 के चार एकड़ पर खनन की स्वीकृति प्राप्त है। खनन की अवधि वर्ष 2027 तक है। चार एकड़ में तीन एकड़ भूमि पर ही खनन कार्य किया गया है। इसके अलावा आसपास की भूमि पर भी आंशिक रूप से खनन किए गए हैं। हालांकि स्कूल के बंद रहने के कारण बच्चों पर पड़ने वाले प्रभाव के बारे में अभी रिपोर्ट नहीं की गयी है। अंचलाधिकारी की रिपोर्ट को आधार बना कर कैलाश प्रसाद ने अब जिला खनन पदाधिकारी से अग्रेत्तर कार्रवाई की मांग की है।


 

Tags - Borio illegal stone mining student disturbed Jharkhand Bandarkola