द फॉलोअप डेस्क
रांची जिले के रातू अंचल के अंचलाधिकारी रहे कृष्ण कन्हैया राजहंस के विरुद्ध राज्य सरकार ने विभागीय कार्यवाही संचालित करने का आदेश दिया है। सेवानिवृत आईएएस अधिकारी गणेश प्रसाद विभागीय जांच के संचालन पदाधिकारी और रांची के अपर समाहर्ता उपस्थापन पदाधिकारी होंगे। कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।

आदेश में कहा गया है कि रातू के अंचलाधिकारी रहते राजहंस ने सेल इंप्लायज हाउसिंग सोसाइटी की जमीन को मेसर्स संजीवनी हाउसिंग कंपनी के नाम गलत तरीके से नामांतरित कर दिया था। आरोप को प्रथम द्रष्टया सही पाते हुए उपायुक्त रांची ने राज्य सरकार ने राजहंस के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही चला कर दंडित करने की अनुशंसा की थी। उपायुक्त की अनुशंसा और तथ्यों के आधार पर भू-राजस्व विभाग ने भी आरोप सही पाया। उसके बाद भू-राजस्व विभाग ने विभागीय कार्यवाही संचालित करने के लिए कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग से अनुशंसा की थी।
