द फॉलोअप डेस्क
देवघर नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया स्थित गांधी नगर मोहल्ले में एक किराए के मकान से महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान रितिका रानी देवी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक तौर पर मामला संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का माना जा रहा है, जबकि परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतका की मां मंजू देवी ने अपनी बेटी की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। मंजू देवी ने बताया कि रितिका की यह दूसरी शादी थी और उसकी एक छोटी बच्ची भी है। शुक्रवार को उन्हें पुलिस से बेटी की मौत की सूचना मिली, जिसके बाद वह तत्काल देवघर पहुंचीं और सदर अस्पताल गईं।
.jpg)
बेटी ने पिता और मां के बीच झगड़े की कही बात
मकान मालिक सोनू कुमार के अनुसार शुक्रवार सुबह उन्होंने कमरे की लाइट जलती हुई देखी। इसी दौरान मृतका की मां भी वहां पहुंचीं। घर के अंदर मौजूद छोटी बच्ची लगातार रो रही थी। बताया जाता है कि बच्ची ने परिजनों को बताया कि उसके पिता रात में घर आए थे और मां के साथ झगड़ा तथा मारपीट करने के बाद वहां से चले गए थे। हालांकि बच्ची के इस कथन की पुलिस आधिकारिक पुष्टि नहीं कर रही है और मामले की जांच जारी है। पुलिस को मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतका का पति अजय कुमार घटना के बाद से फरार है। उसके मोबाइल फोन की लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
नगर थाना पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कुछ भी स्पष्ट रूप से नहीं कहा जा सकता। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।