logo

परीक्षा देकर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, परिजनों ने किया जाम; 7 माह पहले हुई थी शादी

ेेम.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के पचंबा थाना क्षेत्र के रानीखावा गांव निवासी 26 वर्षीय उमेश कुमार मंडल की रविवार देर रात सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। वह देवघर में आयोजित एसएससी परीक्षा देकर बाइक से अपने घर लौट रहा था। घटना पचंबा-जमुआ मुख्य मार्ग पर परियाना गांव स्थित स्कूल के पास हुई। बताया जाता है कि घर से कुछ ही दूरी पर पहुंचने के दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक युवक को कुछ दूर तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया, हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पथला-नावाडीह के पास ट्रक को पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पचंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं स्थानीय लोगों ने युवक को एंबुलेंस से सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सात महीने पहले हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार, उमेश कुमार मंडल रविवार सुबह देवघर में आयोजित एसएससी परीक्षा में शामिल होने गया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। मृतक की शादी करीब सात माह पहले ही हुई थी। उसकी असमय मौत की खबर मिलते ही सदर अस्पताल में परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों की भीड़ उमड़ पड़ी। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।

मुआवजे और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम

सोमवार सुबह आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने घटनास्थल पर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने, दोषी ट्रक चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा लोगों को समझाने-बुझाने के साथ जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Tags - Jharkhand News Giridih Road Accident SSC Exam Breaking News