द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
देवघर में SBI का पूरा ATM उखाड़कर ले जाने की वारदात का खुलासा हो गया है। अपराधी ATM मशीन के साथ उसमें मौजूद करीब 4.82 लाख रुपये भी अपने साथ ले गए थे। अब देवीपुर थाना क्षेत्र के चितरपुर गांव से चोरी की गई ATM मशीन बरामद कर ली गई है। मशीन एक बाउंड्री वॉल के अंदर मिली है, जो मुख्य सड़क से करीब 200 मीटर अंदर स्थित है। इससे पहले अपराधियों ने नंदन पहाड़ स्थित नदी सेवा आश्रम के बाहर लगे ATM का शटर तोड़कर पूरी मशीन उखाड़ी थी और उसे Xylo कार पर लादकर फरार हो गए थे।

रुपये निकालकर मशीन को बाउंड्री के अंदर छोड़ा
पुलिस के मुताबिक, अपराधियों ने ATM मशीन से रकम निकालने के बाद उसे चितरपुर गांव में लाकर छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि चोरी के वक्त ATM में करीब 4.82 लाख रुपये नकद मौजूद थे। मशीन बरामद होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अपराधी ATM मशीन को किस रास्ते से यहां तक लेकर पहुंचे और वारदात के बाद किस दिशा में फरार हुए।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, कई टीमें कर रहीं छापेमारी
ATM मशीन बरामद होने के बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। फुटेज के जरिए अपराधियों की पहचान करने के साथ उनकी Xylo कार और उसके रूट का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस अब ATM में मौजूद 4.82 लाख रुपये की बरामदगी और इस पूरी वारदात में शामिल अपराधियों तक पहुंचने में जुटी है।