द फॉलोअप डेस्क
देवघर जिले के सारवां प्रखंड स्थित आदर्श प्लस टू विद्यालय में स्मार्ट क्लास के दौरान डिजिटल स्क्रीन पर आपत्तिजनक वीडियो चलने का मामला सामने आने के बाद शिक्षा व्यवस्था और स्कूल प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे अभिभावकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। स्कूल में आधुनिक शिक्षा के लिए लगाए गए डिजिटल संसाधनों के दुरुपयोग को लेकर चर्चा तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद जिला शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए स्कूल प्रबंधन को तत्काल शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है और पूरे मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। विभाग यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि स्मार्ट क्लास की डिजिटल स्क्रीन पर आपत्तिजनक सामग्री कैसे चली और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।

डीईओ बोले- लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए देवघर के जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) बिनोद कुमार ने कहा कि विद्यालय अनुशासन से चलता है और यदि स्कूल प्रबंधन की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्मार्ट क्लास और डिजिटल स्क्रीन बच्चों को आधुनिक शिक्षा और प्रैक्टिकल जानकारी देने के उद्देश्य से लगाए गए हैं, न कि अश्लील या आपत्तिजनक सामग्री दिखाने के लिए।

स्थानीय लोगों में नाराजगी, जांच रिपोर्ट का इंतजार
घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने भी नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि स्कूल शिक्षा का मंदिर होता है और वहां इस तरह की सामग्री चलना बेहद चिंताजनक है, जिसका बच्चों के मानसिक विकास पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। फिलहाल सभी की नजर जिला शिक्षा विभाग की जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई है।