logo

देवघर में घर की दीवार गिरने से वृद्ध की मौत, मलबे में दबने से गई जान

itaaaa.jpg

द फॉलोअप डेस्क
देवघर के सारठ थाना क्षेत्र के गजियाडीह गांव में बुधवार देर रात दर्दनाक हादसा हुआ। घर की दीवार अचानक गिरने से 76 वर्षीय नंदकिशोर राय की मौत हो गई। बताया जाता है कि नंदकिशोर राय रात में अपने घर के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान अचानक घर की दीवार भरभराकर उनके ऊपर गिर गई, जिससे वह मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने तत्काल मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।


तेज आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीण
दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद ग्रामीणों और परिजनों ने मिलकर मलबा हटाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद नंदकिशोर राय को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की खबर मिलने के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई।


पीड़ित परिवार के लिए सहायता की मांग
नंदकिशोर राय की मौत के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और ऐसे समय में प्रशासन को परिवार की मदद के लिए आगे आना चाहिए। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

Tags - Deoghar Sarath Gajiyadih Nandkishore Rai Wall Collapse House Collapse Deoghar News