logo

देवघर में बलथर पंचायत मुखिया के घर आयकर विभाग की रेड

it_raid1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
देवघर जिले के मोहनपुर प्रखंड स्थित बलथर पंचायत के मुखिया के आवास पर शनिवार को आयकर विभाग की टीम ने छापेमारी की। वित्तीय अनियमितता और सरकारी फंड के कथित दुरुपयोग से जुड़े आरोपों के आधार पर की जा रही इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। आयकर विभाग की टीम भारी सुरक्षा बल के साथ सुबह मुखिया के आवास पहुंची और जांच शुरू कर दी। छापेमारी के दौरान आयकर विभाग ने मुखिया के आवास और उनके घरेलू कार्यालय की तलाशी ली। जांच टीम ने घर के सभी प्रवेश और निकास द्वारों को सील कर दिया है तथा किसी भी व्यक्ति के आने-जाने पर रोक लगा दी गई है। अधिकारी अलमारियों, संदूकों, बैंक से जुड़े रिकॉर्ड, जमीन-जायदाद के दस्तावेजों के साथ-साथ लैपटॉप और मोबाइल जैसे डिजिटल उपकरणों की भी जांच कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार टीम को कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं, जिनमें पंचायत योजनाओं की फाइलें, बैंक खातों का विवरण और वित्तीय लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड शामिल हैं।


सरकारी योजनाओं में गड़बड़ी की शिकायत पर कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक बलथर पंचायत में विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितता की शिकायतें आयकर विभाग तक पहुंची थीं। इन्हीं इनपुट के आधार पर विभाग ने यह कार्रवाई की है। सूत्रों का कहना है कि जांच के दौरान सरकारी धन के कथित हेरफेर और आय से अधिक संपत्ति से जुड़े अहम तथ्य सामने आ सकते हैं। फिलहाल छापेमारी जारी है और आयकर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। स्थानीय पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर तैनात हैं ताकि जांच प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की जा सके।

 

Tags - Deoghar Income Tax Raid Panchayat Jharkhand