logo

रांची से लौट रहे 9वीं के छात्र की ट्रेन से गिरकर मौत, जामताड़ा स्टेशन के पास हुआ हादसा; देवघर का रहने वाला था युवक

JAMTARA_IMG.jpg

जामताड़ा:
जामताड़ा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक के पास ट्रेन से गिरकर 18 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा ऑफलाइन पोल संख्या 251/27 के समीप हुआ। ट्रेन की चपेट में आने से युवक का शरीर दो हिस्सों में कट गया। मृतक की पहचान देवघर जिले के बुढ़ई गांव निवासी मुन्ना शर्मा के रूप में हुई है। बताया गया कि मुन्ना कक्षा 9वीं का छात्र था।

मामा का इलाज करवाकर रांची से लौट रहा था युवक
मृतक के मामा सरभू शर्मा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वे अपने इलाज के लिए रांची गए थे। इलाज कराने के बाद मुन्ना अपने मामा के साथ हटिया-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस से वापस देवघर लौट रहा था। इसी दौरान सुबह मुन्ना शौचालय जाने के बाद ट्रेन के दरवाजे के पास खड़ा था। बताया गया कि दरवाजे के पास खड़े रहने के दौरान अचानक मुन्ना का पैर फिसल गया और वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। हादसे में वह ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद यात्रियों और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

मधुपुर GRP ने शव को कब्जे में लिया
मुन्ना अपने परिवार का बड़ा बेटा था। उसकी अचानक हुई मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, इस दर्दनाक हादसे के बाद बुढ़ई गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है। घटना की सूचना मिलते ही मधुपुर GRP की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के साथ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद पुलिस घटना के कारणों की भी जांच कर रही है।
 

Tags - Jamtara Train Accident Deoghar News Jharkhand Accident News Hatia Pataliputra Express