देवघर:
भादो पूर्णिमा के अवसर पर बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवघर पहुंचे और बाबा बैद्यनाथ के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। अनुमान के अनुसार, भादो पूर्णिमा के दिन एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ पर जल अर्पित किया।

भादो पूर्णिमा पर विशेष पूजा का महत्व
पंडा धर्मरक्षिणी सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष चंद्रशेखर खवाड़े ने बताया कि भादो पूर्णिमा का दिन बाबा बैद्यनाथ की पूजा के लिए विशेष महत्व रखता है। स्थानीय परंपरा के अनुसार, जिन परिवारों के घर गो माता रहती हैं, उनके द्वारा गो माता के पहले दूध से बाबा बैद्यनाथ का अभिषेक किया जाता है। इस परंपरा को लेकर भी श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
.jpeg)
पितृ पक्ष शुरू होने से पहले देवघर पहुंचे श्रद्धालु
चंद्रशेखर खवाड़े ने बताया कि भादो पूर्णिमा के अगले दिन से पितृ पक्ष की शुरुआत होती है। हिंदू धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, पितृ पक्ष के दौरान शुभ कार्य नहीं किए जाते हैं। ऐसे में पितृ पक्ष शुरू होने से पहले बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ का दर्शन और पूजा-अर्चना करने देवघर पहुंचते हैं। इसी वजह से भादो पूर्णिमा के अवसर पर बाबा मंदिर परिसर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्तों की आवाजाही बनी रही और श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।