logo

गढ़वा सदर अस्पताल का मामला PMO पहुंचा, आजसू जिलाध्यक्ष ने सौंपा मांग पत्र

गढ़वा सदर अस्पताल का मामला PMO पहुंचा, आजसू जिलाध्यक्ष ने सौंपा मांग पत्र

द फॉलोअप, गढ़वा: 

गढ़वा जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े जनहित के मुद्दे को लेकर आजसू पार्टी के जिलाध्यक्ष दीपक कुमार शर्मा ने दिल्ली में प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) पहुंचकर मांग-पत्र सौंपा। उन्होंने गढ़वा सदर अस्पताल में पीएम केयर फंड के माध्यम से उपलब्ध कराए गए ऑक्सीजन प्लांट और वेंटिलेटरों के संचालन का मुद्दा उठाते हुए इन्हें शीघ्र चालू कराने की मांग की। दीपक शर्मा के अनुसार, वर्ष 2022 में पीएम केयर फंड के माध्यम से गढ़वा सदर अस्पताल को ऑक्सीजन प्लांट और वेंटिलेटर उपलब्ध कराए गए थे। उनका दावा है कि उद्घाटन के बाद भी ये चिकित्सा संसाधन अब तक नियमित रूप से चालू नहीं हो पाए हैं। उन्होंने कहा कि गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे शहरों में रेफर करना पड़ता है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी होती है। 

ऑक्सीजन प्लांट और वेंटिलेटरों को जल्द चालू कराने की मांग

आजसू जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा ने प्रधानमंत्री कार्यालय से पूरे मामले की जांच कराने, सदर अस्पताल में बंद पड़े ऑक्सीजन प्लांट और वेंटिलेटरों को जल्द चालू कराने तथा उनकी वर्तमान स्थिति की जांच कराने की मांग की। साथ ही उन्होंने इसके लिए जिम्मेदार व्यवस्था की जवाबदेही तय करने की भी मांग रखी। उन्होंने कहा कि गढ़वा की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलना उनका अधिकार है। ग्रामीण और सीमावर्ती क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को इलाज के लिए सैकड़ों किलोमीटर दूर जाने की मजबूरी नहीं होनी चाहिए। आजसू जिलाध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली आने का उद्देश्य गढ़वा के जनहित से जुड़े मुद्दों को संबंधित केंद्रीय कार्यालयों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े अन्य मुद्दों को भी संबंधित विभागों के समक्ष उठाया जाएगा।

Tags - ajsu pmo garhwa sadar hospital PM CARES Fund