द फॉलोअप, पाकुड़:
चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ी को लेकर कांग्रेस विरोध प्रदर्शन कर रही है। इसी कड़ी में कांग्रेस ने पाकुड़ में भी प्रदर्शन किया। प्रदेश महासचिव डॉ. तनवीर आलम के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पहुंचे और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन किया। इस दौरान डॉ. तनवीर आलम ने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए। उन्होंने निर्वाचन आयोग की निर्णय प्रक्रिया, चुनावी आंकड़ों के प्रबंधन और सूचना प्रौद्योगिकी तंत्र की कार्यप्रणाली की स्वतंत्र समीक्षा की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदाताओं का विश्वास बनाए रखने के लिए चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और संस्थागत जवाबदेही जरूरी है।
.jpeg)
चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और संस्थागत जवाबदेही जरूरी
कांग्रेस ने चुनाव आयोग के समक्ष छह प्रमुख मांगें रखीं। इनमें मुख्य निर्वाचन आयुक्त से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच, उनके कार्यकाल में लिए गए प्रमुख निर्णयों की स्वतंत्र समीक्षा, विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने-हटाने व संशोधन की स्वतंत्र जांच, निर्वाचन आयोग के सूचना प्रौद्योगिकी तंत्र और आंकड़ा प्रबंधन का स्वतंत्र लेखा परीक्षण, मतदाताओं को आपत्ति दर्ज कराने और अपना पक्ष रखने का प्रभावी अवसर तथा पूरी चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं संस्थागत जवाबदेही सुनिश्चित करना शामिल है। डॉ. आलम ने कहा कि कांग्रेस मतदाताओं के अधिकारों और लोकतांत्रिक व्यवस्था की पारदर्शिता को लेकर आवाज उठा रही है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। इस विरोध प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष श्रीकुमार सरकार, शाहीन परवेज, युवा जिलाध्यक्ष बिलाल शेख, प्रखंड अध्यक्ष मनसारुल हक, मुख्तार हुसैन, असद हुसैन उर्फ राजू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
