logo

जयराम महतो की गिरफ्तारी की मांग, 5 दिन का अल्टीमेटम खत्म होने पर आंदोलन की चेतावनी

POLICE18.jpg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:
झारखंड पुलिस एसोसिएशन की रांची जिला शाखा ने डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो के खिलाफ दर्ज मामले में जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। एसोसिएशन ने इस मामले में 5 दिनों के अंदर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है। एसोसिएशन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, 21 अगस्त की रात विधायक जयराम महतो ने अपने मोबाइल से बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार को व्हाट्सऐप कॉल किया।

आरोप है कि बातचीत के दौरान विधायक ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए धमकी दी। विज्ञप्ति में यह भी आरोप लगाया गया है कि इसके बाद विधायक देर रात बरवाअड्डा थाना पहुंचे और थाना प्रभारी के कार्यालय में दोबारा अभद्र भाषा का प्रयोग किया। आरोप है कि इस दौरान टेबल पर रखे सामान को इधर-उधर किया गया और नाम पट्टिका भी तोड़ी गई।

5 दिन के भीतर कार्रवाई की मांग 
पुलिस एसोसिएशन का कहना है कि विधायक जयराम महतो की ओर से सोशल मीडिया और प्रेस के माध्यम से लगातार पुलिसकर्मियों के प्रति अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है जिससे पुलिसकर्मियों के सम्मान और गरिमा को ठेस पहुंच रही है। विज्ञप्ति के अनुसार बरवाअड्डा थाना में कांड संख्या 146/26 दर्ज है। इसमें भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसोसिएशन ने केंद्रीय कार्यालय की ओर से की गई गिरफ्तारी की मांग का समर्थन करते हुए 5 दिन के भीतर कार्रवाई की मांग की है।

Tags - Delimitation Tribal Unity Jharkhand Adivasi Rights Unity March