द फॉलोअप डेस्क
लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक हेमलाल मुर्मू ने विधानसभा सत्र के शून्य काल के दौरान हिरणपुर प्रखंड में महिला महाविद्यालय की स्थापना की मांग की। उन्होंने कहा कि लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं के लिए अभी तक कोई महिला महाविद्यालय नहीं है, जिसके कारण यहां की युवतियां अक्सर पढ़ाई बीच में ही छोड़ देती हैं।
विधायक ने बताया कि हिरणपुर प्रखंड में महिला महाविद्यालय के निर्माण के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। उन्होंने सदन से आग्रह किया कि इस प्रखंड में महिला महाविद्यालय की स्थापना की जाए, ताकि क्षेत्र की युवतियां उच्च शिक्षा हासिल कर सकें और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें। हेमलाल मुर्मू ने जोर देते हुए कहा कि महिला महाविद्यालय के निर्माण से न केवल महिलाओं का सशक्तिकरण होगा, बल्कि सामाजिक और शैक्षिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
