द फॉलोअप डेस्क
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में एक वरिष्ठ IRS अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। शुरुआती जांच में पुलिस को शक है कि पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार गला दबाने के लिए मोबाइल चार्जर के तार का इस्तेमाल किए जाने की आशंका है।

घरेलू सहायक पर शक, पुलिस कर रही जांच
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस वारदात में एक घरेलू सहायक पर शक जताया जा रहा है, जिसे करीब एक से डेढ़ महीने पहले काम से हटा दिया गया था। परिजनों ने भी उसी पर संदेह जताया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कई पहलुओं से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हत्या और दुष्कर्म दोनों एंगल से जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है ताकि साक्ष्य जुटाए जा सकें। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।