द फॉलोअप डेस्क
धनबाद नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर संजीव सिंह को बधाई देने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में पार्श्वनाथ धनबाद एयरपोर्ट मिशन के प्रतिनिधिमंडल ने उनके आवास पहुंचकर उन्हें महापौर निर्वाचित होने के उपलक्ष्य में हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर मिशन के प्रतिनिधिमंडल ने महापौर संजीव सिंह को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया साथ ही प्रतीकात्मक रूप से एक हवाई जहाज का मॉडल भेंट किया। वहीं, धनबाद में एयरपोर्ट निर्माण की मांग को लेकर अपना समर्थन और उम्मीद भी व्यक्त की। महापौर संजीव सिंह ने प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि धनबाद के समग्र विकास और क्षेत्र की आवश्यक बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए वे हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि शहर के विकास से जुड़े जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक पहल की जाएगी।
