logo

80 दिनों से जल रहा है मणिपुर और प्रधानमंत्री का मुंह खुला भी तो सिर्फ 36 सेकंडः दीपिका पांडेय

dipi1.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
मणिपुर में महिलाओं को निर्वस्त्र परेड कराने के मामले में देशभर में आक्रोश है। लोगों की तरफ से इसका विरोध प्रदर्शन जारी है। इसी बीच झारखंड कांग्रेस की महिला विधायक दीपिका पांडेय ने भी भाजपा की सरकार को दोषी ठहराया है। विधायक दीपिका पांडेय सिंह प्रेस कांन्फ्रेंस कर कहा कि 80 दिनों से मणिपुर जल रहा है और प्रधानमंत्री सदन के बाहर सिर्फ 36 सेकंड मणिपुर पर बोलते हैं। दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि कारगिल में दुश्मनों के दांत खट्टे करने वाले उस व्यक्ति का दर्द समझने की जरूरत है, जिसने कहा है कि कारगिल युद्ध के दौरान दुश्मनों से तो देश को बचा लिया। लेकिन अपनी पत्नी की आबरू नहीं बचा सका। दीपिका पांडेय ने अखबार में दिखाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मणिपुर के दर्द को कब समझेंगे। 


राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की अपील 
कांग्रेस विधायक दीपिका पांडे सिंह ने मणिपुर की घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से अपील की है कि एक महिला होने के नाते मणिपुर के मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए अपने अधिकारों का इस्तेमाल करें। उन्होंने प्रधानमंत्री पर राजधर्म का पालन नहीं करने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मणिपुर जाकर वहां के लोगों के जख्मों पर मरहम लगाया है। उन्होंने बहुत पहले ही इस तरह की घटना की आशंका जताई थी, लेकिन मोदी सरकार ने उनकी बातों पर ध्यान नहीं दिया। दीपिका पांडेय ने आगे कहा कि जब सुप्रीम कोर्ट ने इसपर स्वतः संज्ञान लिया, तब प्रधानमंत्री का मुंह खुला। कांग्रेस ने संसद में मणिपुर की घटना पर चर्चा कराए जाने की मांग की है। इस दौरान पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष सुंदरी तिर्की, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष कुमार राजा, झारखंड कांग्रेस सेवा दल की प्रदेश अध्यक्ष नेली नाथन भी मौजूद थीं। 

हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N