logo

दीपिका पांडेय का असम CM हिमंता बिस्वा सरमा पर हमला, पवन खेड़ा प्रकरण को लेकर उठाए सवाल

DIPIKA_PANDEY.jpg

द फॉलोअप डेस्क
असम की राजनीति में इन दिनों घमासान तेज है। झारखंड सरकार में मंत्री दीपिका पांडेय ने एक के बाद एक ट्वीट कर असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा पर तीखा हमला बोला है। दीपिका पांडेय ने अपने ट्वीट में कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के घर पर असम पुलिस के पहुंचने और दिल्ली पुलिस की मौजूदगी पर सवाल उठाए। उन्होंने इसे कानूनी कार्रवाई से ज्यादा सत्ता की बेचैनी और डर का संकेत बताया। उन्होंने लिखा कि कांग्रेस के खुलासों से सच्चाई सामने आई है जिससे सरकार घबराई हुई है। उनके अनुसार, पहले भाषा की मर्यादा तोड़ी गई और अब पुलिस के जरिए सच को दबाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि सच न दबता है न झुकता है और कांग्रेस का हर कार्यकर्ता न्याय के लिए संघर्ष करता रहेगा।


एक अन्य ट्वीट में दीपिका पांडेय ने असम की मौजूदा स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार और न्याय सबसे बड़े मुद्दे बन चुके हैं। मुख्यमंत्री और उनके परिवार पर लगे आरोपों से जनता में आक्रोश है, वहीं जुबिन गर्ग की संदिग्ध मृत्यु ने पूरे राज्य को झकझोर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की पत्नी से जुड़े 3 पासपोर्ट और 52,000 करोड़ के निवेश जैसे मामलों ने कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं। साथ ही कांग्रेस ने वादा किया कि सत्ता में आने पर 100 दिनों के भीतर निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सख्त सजा दी जाएगी। दीपिका पांडेय ने यह भी कहा कि असम बदलाव चाहता है और गौरव गोगोई के नेतृत्व में कांग्रेस इसके लिए तैयार है।