logo

NDA विधायकों के बहानों पर बरसे मंत्री दीपक बिरुआ, बोले- जुमलेबाजी ने भाजपा को हाशिए पर पहुंचा दिया

NDA विधायकों के बहानों पर बरसे मंत्री दीपक बिरुआ, बोले- जुमलेबाजी ने भाजपा को हाशिए पर पहुंचा दिया

द फॉलोअप डेस्कः
राज्यसभा चुनाव को लेकर मंगलवार को रांची के होटल रेडिशन ब्लू में दिनभर राजनीतिक हलचल तेज रही। एनडीए के विधायक होटल में जुटे रहे और उनके आने-जाने का सिलसिला चलता रहा। इस दौरान मीडिया द्वारा पूछे गए सवालों पर कई विधायकों ने अलग-अलग जवाब दिए, जिसके बाद झारखंड सरकार के मंत्री दीपक बिरुआ ने भाजपा और एनडीए नेताओं पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक अखबार की कटिंग साझा करते हुए विपक्षी नेताओं को जुमलेबाज करार दिया। होटल में मौजूद विधायकों से जब बैठक को लेकर सवाल किया गया तो किसी ने इसे दोस्त की शादी की सालगिरह बताया, तो किसी ने जन्मदिन समारोह और जामुन खाने की बात कही। कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव ने कहा कि दोस्त की शादी की सालगिरह है, जबकि महतो ने कहा कि वे जामुन लेकर आए हैं और बैठक होगी तो शामिल होंगे। मंजू देवी ने जन्मदिन सेलिब्रेशन का हवाला दिया तो अन्य विधायकों ने भी अलग-अलग कारण बताए।

 

 


सोशल मीडिया पर दीपक बिरुआ का हमला
इन बयानों को लेकर मंत्री दीपक बिरुआ ने सोशल मीडिया पर भाजपा को निशाने पर लिया। उन्होंने लिखा कि "जुमलेबाज भाजपा नेताओं की जुमलेबाजी ने आज पूरी झारखंड भाजपा को हाशिए पर लाकर खड़ा कर दिया है।" उन्होंने दावा किया कि भाजपा के अंत का पहला अध्याय झारखंड और झामुमो ही लिखेगा। राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया के बीच एनडीए विधायकों की बैठक और उससे जुड़े बयानों ने राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज कर दी है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज हो गया है। वहीं दीपक बिरुआ की टिप्पणी के बाद राज्य की राजनीति में एक नई बहस छिड़ गई है।

किसने क्या कहा दिनभर

नीरा यादव- दोस्त की शादी की सालगिरह है। यहां एनडीए के विधायक नहीं रुक सकते क्या। 
निर्मल महतो- देखिए जामुन लेकर आए हैं. हमको तो जामुन खाना है। बैठक होगी, तो शामिल रहेंगे, ट्रेनिंग लेंगे। 
मंजू देवी- कल मेरा जन्मदिन था. आज सेलिब्रेट करेंगे. नये विधायक हैं, कैसे वोट करें, जानना है.
देवेंद्र कुंवरः बारात छोड़ आये हैं। कपड़ा क्यों लेकर आएंगे। गांव के लोग हैं लूंगी पहन लेंगे। 
प्रदीप प्रसाद : संगठन पर बात होगी। चुनाव का ट्रेनिंग होगा. इंडिया गठबंधन अपने हॉर्स को पकड़े। 
जर्नादन पासवान- कभी साथ नहीं बैठ पाते। बातचीत होगी. गठबंधन मजबूत होगा.
सतेन्द्र तिवारी : परिमल नाथवाणी जीत रहे हैं। राय मशवरा होगा। 
अमित यादव : भाजपा कार्यालय में 24 बेड नहीं है. हम सबको रात में रुकना था, मीटिंग थी, तो चले आये.
पूर्णिमा साहू : चुनाव में कैसे वोट करना है, सीखेंगे. हम नये विधायक हैं. जानकारी लेना जरूरी है.

 

Tags - Deepak Birua BJP JMM Rajya Sabha Election Jharkhand Politics