द फॉलोअप डेस्क
लोहरदगा जिले की बेटी दीक्षा कुमारी को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) में उत्कृष्ट सामाजिक कार्य और समाज में जागरूकता लाने के लिए राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों एनएसएस का सर्वोच्च सम्मान मिला। इस सम्मान के बाद दीक्षा के लोहरदगा लौटने पर स्वजनों, भाजपा के नेताओं और स्थानीय लोगों ने उन्हें माला पहनाकर और बुके देकर भव्य स्वागत किया।
दीक्षा कुमारी रांची विमेंस कॉलेज की एमए फाइनल ईयर की छात्रा हैं और लोहरदगा जिले के उगरा गांव की निवासी हैं। उनकी इस उपलब्धि ने ना सिर्फ जिले का, बल्कि राज्य का भी मान बढ़ाया है। दीक्षा, रांची विश्वविद्यालय के एनएसएस इकाई से जुड़ी हुई हैं और उन्होंने समाजसेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ भारत अभियान, साक्षरता अभियान, महिला सशक्तिकरण, नशा मुक्ति अभियान, सड़क सुरक्षा अभियान जैसी कई महत्वपूर्ण पहलुओं में हिस्सा लेकर लोगों को जागरूक किया है।
6 अक्टूबर को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक भव्य समारोह में दीक्षा को रजत पदक, प्रमाण पत्र और 1 लाख रुपये की राशि से सम्मानित किया गया। इस सम्मान के बाद लोहरदगा जिले में उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोग और समाज के लोग दीक्षा के कार्यों की सराहना कर रहे हैं और उनका कहना है कि जिले की बेटी को राष्ट्रपति से यह सम्मान मिलना बड़ी बात है।
