जमशेदपुर
जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलक नगर स्थित बागुनहातु छठ घाट के समीप एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने अज्ञात शव को नदी किनारे पड़ा देखा, जिसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।
हत्या के बाद फेंके जाने की आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा है और वह सड़-गल चुका है। शव की स्थिति को देखते हुए स्थानीय स्तर पर यह आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद शव को यहाँ फेंका गया है। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल इस संबंध में कोई पुष्टि नहीं की है। सूचना मिलने के बाद सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों से मिलान कर शव की शिनाख्त का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।