द फॉलोअप डेस्क, रांची:
पलामू में सभी सरकारी, गैर सरकारी और निजी स्कूलों में केजी से 12वीं तक की क्लास 3 सितंबर तक बंद रहेगी। जिला प्रशासन ने यह आदेश जारी किया है। दरअसल, मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी अलर्ट के मुताबिक पलामू में 2 और 3 सितंबर को बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है। जिला प्रशासन को जानकारी मिली है कि लगातार हो रही मूसलाधार बारिश की वजह से शहरी और ग्रामीण इलाकों में कई स्कूलों में पानी घुस गया है। कई स्कूलों में पूरा परिसर जलमग्न हो गया है। ऐसी स्थिति में स्कूलों को 3 सितंबर तक बंद रखने का फैसला किया गया है। जिला प्रशासन ने निर्देश दिया है कि शिक्षक स्कूल जाएंगे और बाकी काम नियमित रूप से निष्पादित करेंगे।
