रांची:
झारखंड के सबसे बड़े मानसिक रोग चिकित्सालय रिनपास में लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां मरीजों को दूषित खाना परोसने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक मरीजों को जो खाना परोसा जा रहा था, उसमें मरा हुआ चूहा मिला। भोजन में मरा हुआ चूहा मिलने से अस्पताल में मरीजों के बीच हड़कंप मच गया। बता दें कि राजधानी रांची के कांके स्थित मानसिक रोग चिकित्सालय रिनपास में पहले भी लापरवाही की कई खबरें सामने आई है।

गुरुवार की दोपहर का है पूरा मामला
मामला दरअसल, गुरुवार का है लेकिन अब प्रकाश में आया है। एक तस्वीर भी सामने आई है जिसमें सब्जी के बर्तन में मरा हुआ चूहा दिख रहा है। बताया जाता है कि गुरुवार की दोपहर को जब मरीजों को खाना परोसा जा रहा था उसी समय उसमें मरा हुआ चूहा पाया गया। मरीजों में इसे लेकर नाराजगी भी दिखी। इसकी वजह से ना केवल मरीजों की तबीयत बिगड़ेगी बल्कि उनकी जान को भी खतरा हो सकता है। प्रबंधन द्वारा ये भारी लापरवाही बरते जाने का मामला है।

रिनपास के मेडिकल सुपरिटेंडेंट क्या बोले!
भोजन में मरा हुआ चूहा मिलने की खबर पर रिनपास के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. विनोद ने बताया कि गुरुवार दोपहर की घटना है। मरीजों के भोजन में मरा हुआ चूहा मिलना निश्चित रूप से लापरवाही का मामला है। इसकी जांच होगी। उन्होंने कहा कि जैसे ही घटना का पता चला, बना हुआ सारा भोजन फेंक दिया गया। मरीजों के लिए नए सिरे से खाना बनाया गया।