logo

रांची के युवक का शव चाईबासा की नदी में मिला, पांच दिन पहले पिकनिक मनाने खूंटी के पेरवाघाघ फॉल गया था

771133.jpeg

रांची  
रांची का रहने वाला सौरभ सिंह नौ सितंबर को पिकनिक मनाने खूंटी के पेरवाघाघ फॉल गया था। पिकनिक के दौरान पैर फिसलने से सौरभ फॉल में डूब गया था। उसके शव की तलाश एनडीआरएफ की टीम कर रही थी। आज पांचवें दिन सौरभ का शव चाईबासा की बंदगांव नदी में मिला है। मिली खबर के मुताबिक बुधवार सुबह चुटिया के रहने वाले सौरभ सिंह का शव पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव अंतर्गत कोमरोडा गांव के पास एक नदी के किनारे मिला है। बताया जाता है कि शव पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गया है। पुलिस को शव मिलने की सूचना ग्रामीणों ने दी। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 
रांची से पिकनिक मनाने खूंटी गया था सौरभ
मिली खबर के मुताबिक सौरभ सिंह रांची के नामकुम स्थित ऑर्बिट टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का स्टाफ था। वह कुछ दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने के लिए पेरवाघाघ फॉल गया था। लोगों की मानें तो सौरभ जैसे ही फॉल में उतरा वैसे ही उसका पैर फिसला औऱ वो पानी के तेज बहाव में बहने लगा। उसके साथ लगभग तीन दर्जन लोग थे। । लेकिन फिर भी सौरभ को बचाया नहीं जा सका। सौरभ के डूबते ही अफरा-तफरी मच गयी। उसके साथियों ने घटना की जानकारी स्थानीय लोगों को दी। फिर इसकी सूचना पुलिस को मिली। सौरभ के शव को खोजने के लिए एनडीआरएफ की टीम को लगाया गया था। जो पांच दिनों से शव की तलाश कर रही थी। अंतत: उसका शव चाईबासा की नदी में मिला। 

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N