logo

धनबाद में तालाब से मिला नाबालिग का शव, परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर किया सड़क जाम 

POND.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
धनबाद के जोड़ापोखर थाना इलाके में गुरुवार शाम को तालाब से एक नाबालिग का शव मिला है। घटना की जानकारी मिलने के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गयी। घटना के बाद से परिजनों में आक्रोश है। परिजनों ने शव को  झरिया सिंगरी मुख्य मार्ग पर रख कर सड़क जाम कर दिया और मुआवजे की मांग करने लगे। 

मिली जानकारी के अनुसार 15 वर्षीय रेहान अली इमामबाड़ा इलाके में अपनी नानी के घर में रहता था। उसकी 3 बहनें हैं। उसकी मां पटना में रह कर काम करती है। वहीं उसके पिता की मृत्यु पहले ही हो गयी थी। रेहान अपने नानी घर में ही रह कर शादी पार्टी में DJ का  काम करता था। रेहान के मामा विक्कू ने बताया की रेहान बुधवार को काम पर गया था। इसके बाद से वह घर वापस नहीं लौटा। 

परिजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। इसके बाद गुरुवार को जोड़ापोखर थाना इलाके के तालाब से उसके शव के मिलने की खबर मिली। घटना के बाद से ही परिजन गुस्से में हैं। उन्होंने देर शाम से रात तक झरिया सिंदरी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया एवं  मुआवजे की मांग करने लगे। सड़क जाम  होने के कारण आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी होने लगी। वाहन चालकों का प्रदर्शन कर रहे लोगों के साथ नोकझोंक भी हुई। 

इसके बाद इरिया विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह को सूचना दी गयी। विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह के प्रतिनिधि सूरज सिंह और राजू खान मौके पर पहुंचे। यहां पीड़ित परिजनों को विधायक की ओर से तत्काल 30 हजार रुपये सहायता राशि दी गयी। साथ ही सरकार  की ओर दिए जाने वाले लाभ का आश्वासन भी दिया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और सड़क जाम हटाया गया।

Tags - झारखंड न्यूज झारखंड लेटेस्ट न्यूज धनबाद न्यूज Jharkhand News Jharkhand Latest News Dhanbad News