logo

मुसाबनी के सबर टोला का डीसी ने किया दौरा, ग्रामीणों से सुनी समस्याएं, मूलभूत सुविधाओं के समाधान का दिया निर्देश

dgetuke6tuk.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पूर्वी सिंहभूम जिले के मुसाबनी प्रखंड स्थित सबर टोला (घीभांगा) का उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण जीवन, आवश्यकताओं और सरकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति का आकलन किया। ग्रामीणों ने डीसी के समक्ष जीविकोपार्जन से जुड़ी दिक्कतों के अलावा पेयजल संकट, कमजोर मोबाइल नेटवर्क और बिजली आपूर्ति से संबंधित समस्याएं रखीं। डीसी ने ग्रामीणों से यह भी जानकारी ली कि उन्हें आजीविका मिशन, मनरेगा, राशन, पेंशन और आवास जैसी सरकारी योजनाओं का लाभ नियमित रूप से मिल रहा है या नहीं। उन्होंने मौके पर ही संबंधित विभागों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पेयजल समस्या पर डीसी ने त्वरित विकल्पों की पहचान कर आवश्यक मरम्मती कार्य करने का निर्देश दिया। साथ ही नेटवर्क समस्या दूर करने के लिए दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के साथ समन्वय स्थापित करने और बिजली आपूर्ति सुधारने के लिए विभागीय अधिकारियों को कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्थानीय स्तर पर आजीविका के नए विकल्पों पर ग्रामसभा और आजीविका समूहों के साथ मिलकर कार्ययोजना तैयार करने की भी बात कही।
डीसी कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि सबर समुदाय जैसे वंचित और संवेदनशील वर्गों तक सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर पहुंचना अत्यंत आवश्यक है। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि किसी भी परिवार को पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और आजीविका जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रहना पड़े। उन्होंने सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य कर समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान अंचल अधिकारी सह प्रभारी बीडीओ पवन कुमार सहित प्रखंड के अन्य पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।

 

Tags - Latest jharkhand News jharkhand News Updates latest updates Jharkhand latest jharkhand News jharkhand News in hindi Jamshedpur Updates latest Jamshedpur news Jamshedpur news Updates Jamshedpur News Updates jharkhand news Updates Jamshedpur News