logo

हजारीबाग : डीसी ने सुदूरवर्ती आदिवासी गांव पुरनपनियां का किया दौरा, मूलभूत सुविधाओं का समाधान जल्द

hazaribagh_news_updates.jpg

द फॉलोअप डेस्क

हजारीबाग जिले के उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने बुधवार को इचाक प्रखंड के बेहद सुदूरवर्ती और आदिवासी बहुल गांव पुरनपनियां का दौरा किया। यह गांव वर्षों से सड़क, पानी और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित था, लेकिन अब तस्वीर बदलने वाली है। उपायुक्त खुद दुर्गम रास्तों से होकर गांव पहुंचे और सभी समस्याओं का जायजा लेकर समाधान का रास्ता तैयार किया।
ग्रामीणों की समस्याओं की खबर जब प्रशासन तक पहुंची, तो उपायुक्त ने खुद बिना किसी औपचारिकता के कठिन रास्तों से होते हुए गांव पहुंच गए। गांव पहुंचकर उन्होंने सड़क, पेयजल, शिक्षा, राशन और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों पर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस मौके पर उपायुक्त ने कहा कि "हमारा प्रयास है कि जिले के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की सभी योजनाओं का लाभ पहुंचे। जो भी बाधाएं हैं, उन्हें हम प्राथमिकता से दूर करेंगे।" उपायुक्त ने वन विभाग के डीएफओ सूरज कुमार से मिलकर क्षेत्र में सड़क निर्माण में आ रही वन विभाग की अड़चनों पर चर्चा की और जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। साथ ही एक सामुदायिक भवन निर्माण की भी घोषणा की गई।

इचाक प्रखंड के दौरे में उपायुक्त ने आंगनवाड़ी केंद्र, विद्यालय, जन वितरण प्रणाली की दुकानें और अबुआ आवास योजना का निरीक्षण किया। स्कूल में बच्चों की उपस्थिति, मिड डे मील की गुणवत्ता, तथा हिंदी से संथाली भाषा की पुस्तकों की व्यवस्था को लेकर जरूरी निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने अबुआ आवास योजना के तहत द्वितीय किश्त की राशि के भुगतान में तेजी लाने, जियो टैगिंग में सुधार और राशन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाने का निर्देश भी अधिकारियों को दिया। जल्द ही इस गांव में सरकार की योजनाओं को लेकर विशेष शिविर का आयोजन भी होगा ताकि हर जरूरतमंद को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके।


 

Tags - Hazaribagh updates Hazaribagh Updates latest jharkhand News Jharkhand News jharkhand Updates latest Jharkhand News jharkhand updates Hazaribagh news