द फॉलोअप डेस्क
सिमडेगा डीसी कंचन सिंह एवं पुलिस अधीक्षक एम. अर्शी ने बांसजोर, ठेठईटांगर, केरसई एवं कुरडेग प्रखंड कार्यालय का भ्रमण किया। इस दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने बांसजोर थाना, ठेठईटांगर थाना, ठेठईटांगर अस्पताल, केरसई थाना, केरसई अस्पताल, कुरडेग थाना, कुरडेग अस्पताल एवं कुरडेग कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का भी निरीक्षण कर वहां की विधि व्यवस्था का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।.jpg)
इस क्रम में उपायुक्त ने बांसजोर प्रखंड सभागार में मनरेगा एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा की तथा अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बांसजोर चेक पोस्ट के समीप खराब सड़क की समस्या को देखते हुए प्रखंड कार्यालय के सामने मुख्य सड़क से वाहनों का आवागमन प्रारंभ कराने का निर्देश दिया, ताकि लोगों को सुविधा मिल सके। इसके साथ ही उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने बांसजोर थाना का निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली। दोनों अधिकारियों ने ठेठईटांगर थाना का भी निरीक्षण किया और थाना परिसर में लंबे समय से रखी जब्त गाड़ियों की नीलामी कराने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बेहतर पुलिसिंग एवं विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल देते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।इस दौरान उन्होंने अस्पताल संचालन की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए डॉक्टरों एवं एएनएम की उपस्थिति की जानकारी ली। उपायुक्त महोदया ने ठेठईटांगर स्थित नव-निर्मित 50 शैय्या वाले अस्पताल भवन का निरीक्षण कर शीघ्र संचालित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने कुरडेग अस्पताल का भी निरीक्षण किया, जहां कुपोषण उपचार केंद्र का विशेष रूप से अवलोकन किया। उन्होंने वहां भर्ती बच्चों की स्थिति की जानकारी ली और बच्चों की समुचित देखभाल सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस दौरान उपस्थित पदाधिकारी से उपायुक्त ने कहा कि अस्पतालों की सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। कुरडेग प्रखंड सभागार में प्रखंड कर्मीयों संग बैठक की। बैठक में प्रखंड अंतर्गत संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कुरडेग प्रखंड के सभी स्कूलों एवं आंगनवाड़ी केन्द्र में लोकल स्तर पर अंडा उत्पादन कर सप्लाई करने की दिशा में कार्य करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए। साथ कुरडेग क्षेत्र में उत्पादन किए जाने वाले सुगंधित चावल को अधिक मात्रा में उत्पादन करते हुए चावल दूसरे शहरों में निर्यात करने हेतु आवश्यक चर्चाएं की गई। वहीं बैठक समाप्ति के बाद कुरडेग प्रखंड कार्यालय में बेहतर कार्य करने वाले दो कर्मचारी को प्रशस्ति पत्र देकर एवं शोल ओढ़कर कर सम्मानित किया।
इसके बाद उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय कुरडेग का भी निरीक्षण किया गया। उपायुक्त महोदया ने वार्डेन से स्कूल संचालन व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि इस विद्यालय में केरसई एवं कुरडेग दोनों प्रखंडों के बच्चे पढ़ते हैं। उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक महोदय ने बच्चों संग विद्यालय में होने वाली शाम की प्रार्थना में शामिल हुए। पुलिस अधीक्षक महोदय ने थाना प्रभारी को निर्देश दिया कि प्रतिदिन संध्या के समय विद्यालय कीओर गस्ती करेंगे। निरीक्षण के दौरान संबंधित पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।